ब्यूरो
राजधानी में एक दिन में मिले ब्लैक फंगस के 27 नए मरीज

लखनऊ। शुक्रवार को राजधानी के अस्पतालों में ब्लैक फंगस से पीड़ित 27 मरीज भर्ती हुए। अब तक लखनऊ में ब्लैक फंगस के सौ से ज्यादा मरीज भर्ती हो चुके हैं।
सबसे ज्यादा 96 मरीज केजीएमयू में भर्ती हुए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 23 मरीज भर्ती किए गए हैं। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि ब्लैक फंगस के छह गंभीर मरीजों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। मरीजों की निगरानी की जा रही है। वहीं चार मरीज लोहिया संस्थान में भर्ती किए गए हैं। लोहिया संस्थान में अब तक 11 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। इनमें एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसी तरह अपोलो मेडिक्स अस्पताल में भी एक मरीज भर्ती किया गया है।
चन्दन अस्पताल में अब तक 20 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। यहां 24 घंटे के दौरान कोई नया मरीज भर्ती नहीं किया गया है। फिलहाल इन मरीजों को एंटी फंगस दवाओं का डोज दिया जा रहा है। दवाओं का संकट भी इन मरीजों का दर्द बढ़ा रही है। दवाओं के अभाव की वजह से भी इनका रिकवरी रेट कम है। गंभीर मरीजों का ऑपरेशन करके फंगस को निकाला जा रहा है।