top of page
  • Writer's pictureसंवाददाता

आदर्श व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री से की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन

लखनऊ। शुक्रवार को प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल ने उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात की ।


व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने उप मुख्यमंत्री को लॉकडाउन के कारण प्रदेश के व्यापारियों को आ रही समस्याओं की जानकारी दी एवं बताया कि लॉकडाउन के कारण प्रदेश के व्यापारियों के सामने बहुत अधिक समस्याएं और आर्थिक चुनौतियां आ गई हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी हमेशा से सरकार के साथ सहयोगात्मक रुख रखता है तथा सरकार के खजाने को कर संग्रह कर भरने में अपनी विशेष भूमिका निभाता है।


संजय ने कहा कि इस विपरीत आर्थिक परिस्थितियों में व्यापारी प्रदेश सरकार की ओर आशा भरी निगाहों से आर्थिक सहयोग के लिए देख रहा है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री से व्यापारियों के लिए सहयोग की मांग की तथा उन्हें 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।


गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार यदि व्यापारियों के लिए कोई वित्तीय पैकेज और सहायता नहीं करेगी तो व्यापारियों के सामने अपने व्यापार को पुनः खड़ा करने में बहुत संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा जिस प्रकार से सरकार सभी वर्गों के लिए चिंता कर रही है वैसे ही व्यापारियों की भी चिंता करें। प्रतिनिधि मंडल में नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह ,नगर उपाध्यक्ष मोहित कपूर एवं ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम शामिल रहें।



bottom of page