top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

जनता ने भाजपा की खटिया खड़ी कर दी है: अखिलेश

भाजपा सरकार चुनाव को देखते हुए सिर्फ मार्च तक राशन दे रही है...

लखनऊ, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने भाजपा की खटिया खड़ी कर दी है, इसीलिए भाजपा नेताओं के घटिया बयान आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे काका (काले कानून) गए हैं वैसे ही अब बाबा भी जाने वाले है। सभी चरणों में जनता का हमें समर्थन मिल रहा है।

सपा अध्यक्ष ने शुक्रवार को बहराइच और अयोध्या जिले की विभिन्न विधानसभाओं में बड़ी जनसभाओं को संबोधित करके समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की पुरजोर अपील की। जनसभाओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा के नेता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं पर बात नहीं करते हैं। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने जनता को धोखा दिया है बेरोजगारी, महंगाई बढ़ा दी है, किसानों को बर्बाद कर दिया है। उनकी आय दोगुनी तो हुई नहीं हुई? भ्रष्टाचार दोगुना हो गया है। बैंकों में जमा जनता का पैसा लेकर उद्योगपति फरार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हार रही है। साइकिल की रफ्तार बहुत तेज है। भाजपा के नेता लगातार झूठ बोल रहे हैं। छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं और बड़े नेता बड़ा झूठ बोलते हैं। उनका हर वादा झूठा निकला है। भाजपा सरकार में डीजल पेट्रोल के दाम बहुत बढ़ गए हैं। अगर यह सरकार फिर से आई तो पेट्रोल 200 रुपये तक पहुंच जाएगा। भाजपा सरकार को गरीबों, किसानों, मजदूरों की चिंता नहीं है। लखीमपुर खीरी में मंत्री पुत्र ने किसानों को कुचल दिया। भाजपा सरकार उद्योगपतियों के साथ मिलकर साजिश करके तीन काले कानून लाई थी। तीन काले कानूनों से किसानों की खेती छिन जाती। किसानों ने आंदोलन करके भाजपा को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली भी बहुत महंगी कर दी। बिजली का बिल देखकर जनता को करंट लगता है। समाजवादी सरकार आने पर हर परिवार को 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त मिलेगी। बीपीएल परिवार की महिलाओं को प्रसव के बाद 15 हजार रूपये की धनराशि दी जाएगी। एक करोड़ महिलाओं को 18 हजार रू0 सालाना पेंशन दी जाएगी। राज्य कर्मियों, शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। संविदा पर किसी भी विभाग में कर्मचारी हो उनको रेगुलर किया जाएगा। प्रत्येक फसल की एमएसपी में खरीद होगी। किसानों को सिंचाई मुफ्त होगी। समाजवादी सरकार में पुलिस सिस्टम को अच्छा बनाएंगे, कानून व्यवस्था को मजबूत करेंगे। सभी के साथ न्याय होगा, सबको सम्मान मिलेगा। अन्याय अत्याचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव को देखते हुए सिर्फ मार्च तक राशन दे रही है। सपा सरकार बनने पर हम लोग 5 साल तक राशन देंगे। राशन के साथ एक किलो घी और सरसों का तेल भी मिलेगा। किसानों को आवारा जानवरों से छुटकारा दिलाएंगे। किसानों को रात रात भर अपनी फसल की रखवाली करने के लिए जागना पड़ता है। फसलें बर्बाद हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में नौजवानों के लिए सरकारी विभागों में रिक्त 11लाख पदों पर भर्ती निकालेंगे। भाजपा ने स्कूलों की पढ़ाई चौपट कर दी है। समाजवादी सरकार में शिक्षा में सुधार किया जाएगा। श्री यादव ने जनता से महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और खराब कानून व्यवस्था के खिलाफ वोट डालकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

bottom of page