ब्यूरो
अखिलेश यादव ने मनाया खजांची का पांचवां जन्मदिन
सरकार के गलत फैसलों से अर्थव्यवस्था खराब हुई: यादव

लखनऊ, सोशल टाइम्स। मंगलवार को अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में पैदा हुए कानपुर देहात के खजांची का पांचवां जन्मदिन मनाया। जिसके बाद प्रेस वार्ता में यादव ने कहा कि कायदे से तो भाजपा को खजांची का जन्मदिन मनाना चाहिए। उन्होंने कहा भाजपा सरकार के गलत फैसलों से अर्थव्यवस्था की हालत खराब हो गई है। लोगों को अपने पैसों के लिए लाठियां खानी पड़ी। अपमानित होना पड़ा। लोगों की जानें चली गई। देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी फैली। यादव ने कहा कि भाजपा प्रोपगंडा की मास्टर है। एक झूठ ऊपर से बोला जाता है और वही नीचे तक चलता है। उसकी भेदभाव और नफरत की राजनीति से सभी लोग नाराज हैं। हर स्तर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा सरकार में किसानों के धान की लूट हो रही है। बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है, सरकारी सम्पत्तिया बेची जा रही है। भाजपा ने यूपी को बर्बाद कर दिया। साढ़े चार साल में प्रदेश को पीछे धकेल दिया। आज किसान व्यापारी, नौजवान, छात्र आत्महत्या करने पर विवष है। भाजपा सरकार ने नोटबंदी बड़े लोगों और उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने, जनता को परेशान करने और अपनी तानाशाही जताने के लिए किया है।
यादव ने कहा कि इस सरकार के रहते किसानों को न्याय नहीं मिलेगा। आज सुप्रीम कोर्ट ने भी लखीमपुर मामले में एसआईटी की जांच पर सवाल उठाए हैं। किसे फंसाना है और किसे बचाना है, जांच की क्या दशा होगी यह एसआईटी नहीं भाजपा तय करती है। अखिलेश यादव ने कहा कि आज हर वर्ग भाजपा से परेशान है। उत्तर प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाए थे। कुशीनगर का एयरपोर्ट समाजवादी सरकार में दिए गए बजट से बना है। समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे समाजवादी सरकार ने शुरू कराया था। मेट्रो भी सपा सरकार में ही चली। 2022 में बदलाव होना तय है। समाजवादी पार्टी पर जनता का भरोसा है। अगली सरकार समाजवादी पार्टी की ही बनना तय है।