ब्यूरो
"जय जय श्री परशुराम हो, सर्व शुभम् कल्याण हो" : अखिलेश
सपा सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली फ्री, सिंचाई मुफ्त

लखनऊ, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परशुराम मंदिर में पूजा अर्चना के बाद ट्वीट करते हुए कहा, "जय जय श्री परशुराम हो, सर्व शुभम् कल्याण हो।" अखिलेश यादव ने रविवार को समाजवादी विजय रथ यात्रा के दसवें चरण में एच.सी.एल. आई.टी. चकगंजरिया से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे महुराकलां गांव में नवनिर्मित भगवान परशुराम के मंदिर तक यात्रा की।
इस दौरान जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नए साल में समाजवादियों ने संकल्प लिया है कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर 300 यूनिट घरेलू बिजली फ्री होगी और किसानों को सिंचाई पूरी तरह से मुक्त होगी। भाजपा सरकार ने प्रदेश को पीछे धकेल दिया है। भाजपा राज में हर वर्ग अपमानित और प्रताड़ित किया जा रहा है। अब नए वर्ष में उत्तर प्रदेश में बदलाव होगा। सभी लोग बदलाव चाहते हैं। समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास और रोजगार का मॉडल दिया। लखनऊ में आई.टी. सिटी की स्थापना की, अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय स्टेडियम दिया, एक्सप्रेस वे बनाया, पार्क, कैंसर इंस्टीट्यूट दिया। भाजपा सरकार ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की मदद करना चाहती हैं। किसान अन्नदाता है। देश का पेट भरता है। किसानों ने कोरोना काल में देश की अर्थव्यवस्था बचाने का काम किया। भाजपा सरकार ने किसानों को अपमानित किया। काले कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में सात सौ से ज्यादा किसान शहीद हो गए। किसान भाजपा सरकार के अन्याय और अत्याचार को कभी नहीं भूल सकता है। भाजपा के लोगों ने किसानों की जीप से कुचलवा कर हत्या करा दी।
यादव ने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री विकास के साथ-साथ अल्पसंख्यकों के भी दुश्मन हैं। यूपी विधानसभा में एंग्लो इंडियन के लिए एक सीट रिजर्व थी, बाबा मुख्यमंत्री ने उसे खत्म कर दिया। जैन समाज मेहनती है, अल्पसंख्यक है। उसकी संख्या पचास लाख ही होगी। भाजपा सरकार उन पर छापे डलवा रही है। प्रताड़ित करा रही है। भाजपा नहीं चाहती कि जैन समाज आगे बढ़े और विकास करें। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने लखनऊ को आधुनिक और विश्वस्तरीय स्टेडियम बनाकर दिया। मुख्यमंत्री जी अपने सरकारी कार्यक्रम भी आकर इसी स्टेडियम में करते हैं। उनके पास कोई दूसरा स्थान नहीं है। समाजवादी लोग खेल और खेल भावना को पहचानते हैं इसीलिए स्टेडियम बनाया। बाबा मुख्यमंत्री को किसी खेल के बारे में जानकारी नहीं। सपा सरकार ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा के लिए डायल 100 और पुलिस मुख्यालय दिया।