ब्यूरो
सरकारी संस्थानों को बेच रही है भाजपा सरकार, यह आरक्षण खत्म करने की साजिश है: अखिलेश

लखनऊ, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार धीरे-धीरे सभी सरकारी संस्थानों को बेच रही है। यह आरक्षण खत्म करने की साजिश है। जब सरकारी संस्थान नहीं रहेंगे तो संविधान के अनुसार हक और सम्मान कैसे मिलेगा। नौजवानों को नौकरियां कहां मिलेंगी।
सपा अध्यक्ष ने गुरुवार को फिरोजाबाद, मैनपुरी में सघन चुनाव प्रचार किया। उन्होंने फिरोजाबाद में नसीरपुर, पीड़ी जैन इंटरकालेज ग्राउण्ड, मुस्तफाबाद खाली ग्राउण्ड, ठाकुर वीरी सिंह महाविद्यालय ग्राउण्ड में कार्यकर्ता सम्मेलन कर जहां सिरसागंज, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, जसराना और टूण्डला विधानसभा के मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाई वहीं जिला मैनपुरी में चापरी तिराहा, घिरोर करहल रोड, कुरावली, आदर्श इंटर कालेज ग्राउण्ड, नेशनल डिग्री कालेज में कार्यकर्ता सम्मेलन कर विधानसभा करहल, कुरावली, किशनी तथा भोगांव के मतदाताओं से सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश बचाने का चुनाव है, किसानों को सम्मान दिलाने का चुनाव है। गरीबों को न्याय और हक दिलाने का चुनाव है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान को खत्म करना चाहती है। पहले और दूसरे चरण में भाजपा का सफाया हो चुका है। तीसरे चरण में भाजपा शून्य हो जाएगी। चौथे चरण के बाद समाजवादी पार्टी की प्रदेश में सरकार बन जाएगी।
अखिलेश यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने किसानों, नौजवानों, पिछड़ों, दलितों, व्यापारियों का अपमान किया है। भाजपा जातीय जनगणना नहीं कराएगी। यह समाज में झगड़ा लगाने और लड़ाने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर जातीय जनगणना कराकर सभी लोगों को उनके आबादी के अनुपात में हक और सम्मान दिलाएंगे। भाजपा सरकार के संरक्षण में माफिया और अपराधी क्रिकेट खेल रहे हैं। माफियाओं, अपराधियों को संरक्षण देने वाले खुद माफिया और अपराधी हैं। भाजपा सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार दोगुना हो गया है। उद्योगपति बैंकों में जमा लोगों का पैसा लेकर विदेश भाग रहे हैं। इसकी जिम्मेदार बीजेपी सरकार है।
यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर नौजवानों के लिए नौकरियां निकालेंगे। प्रदेश में ग्यारह लाख रिक्त पदों पर सरकारी नौकरी देंगे। 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। किसानों की फसल की खरीद एमएसपी पर होगी। किसानों को डीएपी और यूरिया दी जाएगी। ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा। भाजपा सरकार ने किसानों से झूठे वादे किए। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। किसानों की फसलों की खरीद नहीं हुई है। खाद और बीज नहीं मिला। भाजपा सरकार में झूठे वादे किए। भाजपा ने महंगाई और बेरोजगारी बहुत बढ़ा दी है। पेट्रोल डीजल और रसोई गैस के दाम बहुत बढ़ गए हैं। गरीब की गाड़ी नहीं चल पा रही है। श्री यादव ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के साथ-साथ नौजवानों के भविष्य का चुनाव है। भाजपा ने विकास रोक दिए हैं। पुलिस का कबाड़ा कर दिया है। कानून व्यवस्था खराब कर दिया है।