सम्पादक
भाजपा विधायक की कोरोना से मौत, केंद्रीय मंत्री से लगाई थी बेड की गुहार

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक केसर सिंह गंगवार का बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे। गंगवार के परिवार के सूत्रों ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से नोएडा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे जहां उनका निधन हो गया।
केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन से लगाई थी गुहार
बीती 18 अप्रैल को केसर सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से दिल्ली के मैक्स अस्पताल में बेड के लिए गुहार लगाई थी। केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर करी थी मांग पर कोई जवाब नही आया।
हाल ही में वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। गंगवार के परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। गंगवार वर्ष 2009 में बसपा से विधान परिषद के लिए चुने गए थे और वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में वह भाजपा में शामिल हो गए थे।
पार्टी ने उन्हें नवाबगंज सीट से टिकट दिया था जिस पर उन्होंने जीत दर्ज की थी। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगवार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजन के प्रति संवेदना प्रकट की। इसके अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने भी गंगवार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।