top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

बुलंदशहर की घटना पूरे यूपी को चिंतित कर रही, ये हाथरस की घटना को याद दिलाती है: अखिलेश

अखिलेश और जयंत ने बुलंद शहर एवं गौतमबुद्ध नगर का किया दौरा, मांगे वोट

बुलंदशहर, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अखिलेश यादव ने कहा है कि बुलंदशहर की घटना आज पूरे यूपी को चिंतित कर रही है, लेकिन सरकार कहती है कि 12 बजे तक बेटी कही भी जाएगी वो सुरक्षित रहेगी। लेकिन आज जो घटना हुई वो हाथरस की घटना को याद दिलाती है।

अखिलेश एवं राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने गुरुवार को संयुक्त रूप से बुलंद शहर एवं गौतमबुद्ध नगर जनपदों का दौरा किया। समाजवादी विजय रथ से दोनों नेताओं ने स्याना, अनूप शहर, शिकारपुर, सिकंदराबाद, खुर्जा, नोएडा विधानसभा क्षेत्रों में सघन जनसम्पर्क भी किया।

बुलन्दशहर में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल की संयुक्त प्रेसवार्ता को श्री अखिलेश यादव एवं श्री जयंत चौधरी ने सम्बोधित करते हुए गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। उन्होंने नौजवानों से अपील की कि वह हर बूथ पर भाजपा को हराने का काम करें। इस बार गठबंधन की ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। यादव ने कहा कि चुनाव के पहले चरण से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी गठबंधन के पक्ष में हवा चल रही है। हर तरफ जनता का समर्थन उमड़ रहा है। इसी से भाजपा के लोग और मुख्यमंत्री जी परेशान हैं। उनको समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें। इसीलिए उनकी भाषा बदल गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गर्मी की बात कर रहे हैं और हम भरोसा दिलाते हैं कि गठबंधन की सरकार बनेगी तो गर्मी नहीं नौजवानों को नौकरी देने के लिए भर्ती निकाली जाएगी। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री क्या फ्रिज का कंप्रेसर हैं, जो चीजों को ठंडा कर देते हैं।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव भाईचारा बनाम भाजपा है। जिस तरह का ऐतिहासिक समर्थन मिल रहा है, उससे तय है कि इस बार ऐतिहासिक जीत भी होने जा रही है। नई सरकार आने वाली है। मैं भरोसा दिलाता हूं कि हम लोगों ने जो घोषणाएं की है उसे पूरा करेंगे। घरेलू बिजली 300 यूनिट फ्री करेंगे, सिंचाई मुफ्त होगी, पुरानी पेंशन की बहाली होगी। डायल हंड्रेड सिस्टम को और मजबूत करेंगे। हमने कारगिल युद्ध में बड़ी लड़ाई लड़ने वाले और सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने वाले योगेंद्र यादव के गांव में 100 बेड का हॉस्पिटल दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उस काम को क्यों रोक दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि असल देशभक्त तो हम लोग हैं। सभी को साथ लेकर चलते हैं और सब का सम्मान करते हैं। जो नफरत फैलाए, समाज में खाई पैदा करें और लोगों में झगड़ा लगाए वह कैसा देशभक्त है?

वहीं जयंत चौधरी ने कहा है कि गठबंधन के प्रति लोगों का भरोसा और विश्वास बढ़ा है। हमारी बीच की एकता से किसान नौजवान और कमेरा वर्ग में उम्मीद जगी है। इससे भाजपा की बौखलाहट बढ़ गई है। मुख्यमंत्री योगी जी और अन्य नेता बौखलाए हुए हैं। इसीलिए इस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा होती है। हमने किसी भी मुख्यमंत्री से इस तरह की भाषा कभी नहीं सुनी थी। जयंत चौधरी ने कहा कि बुलंदशहर किसान आंदोलन का क्षेत्र है। देश की सीमाओं की रक्षा के लिए यहां के घर घर से जवान सीमा पर तैनात हैं। हम लोग देश की रक्षा करते हैं, देश पर जान न्योछावर करने के लिए तैयार रहते हैं, इसीलिए हमारा खून भी गर्म है। जयंत चौधरी ने कहा कि बीजेपी सरकार ने किसानों के साथ अत्याचार और अन्याय किया है। सड़क पर कील लगवाई। अवरोध खड़े किए। लेकिन हमारे किसान मजबूत इरादों वाले है। वह भाजपा सरकार के अत्याचार को कभी नहीं भूल सकते।

bottom of page