top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

अपराध जगत के लिए हीरो बन गए हैं मुख्यमंत्री: अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के हालात से समाज का हर व्यक्ति भयभीत...

लखनऊ, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री जी, जो कभी अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात करते थकते नहीं, अपराध जगत के लिए हीरो बन गए हैं। उनका सम्पूर्ण प्रशासन अपराधियों के आगे नतमस्तक है। उत्तर प्रदेश पूरी तरह जंगल राज में बदल गया है जहां अपराधी बेलगाम हैं और बहन बेटियां हैवानियत की शिकार हैं। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब लूट, अपहरण, हत्या और बलात्कार की घटना नहीं घटती हो।

आगरा में कालिंदी बिहार ज्योतिकुंज में एक होजरी व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अलीगढ़ के धर्मपुर गांव में बरामद में घुसकर युवक की हत्या कर दी गई। चंदौसी के विकास नगर में कन्फेक्शनरी दुकानदार की गोली मारकर हत्या की गई। बरेली में संजय नगर में दादी के साथ बाजार गए 4 साल के बच्चे का अपहरण कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में एक और हिरासत में मौत हो गई। बिजनौर में पुलिस हिरासत के दौरान एक और युवक की दुःखद मौत हुई। बिजनौर के रेहड़ थाना क्षेत्र के कल्लू बालागंज गांव के सोनू कुमार को चैकी से रायफल चोरी के शक में हिरासत में लिया गया था।

सपा प्रमुख ने कहा कि उन्नाव के बीघापुर क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म में विफल रहने पर गला दबाकर हत्या का प्रयास भी जब असफल रहा तो उसे छत से नीचे फेंक दिया गया। शाहजहांपुर में बेटे की हत्या होने के बाद माता-पिता थाने में सिर पीटते रहे। उनकी सुनवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज जो हालात है उससे समाज का हर व्यक्ति भयभीत है। बदले की भावना से विपक्ष पर उत्पीड़न कर कार्यवाही आम बात है। अब तो अभिव्यक्ति की आजादी पर भी यहां प्रतिबंध लग गया है। मीडिया की आवाज आई.टी. और ई.डी. के द्वारा दबाई जा रही है। राज्य सरकार और भाजपा के खिलाफ टिप्पणी करना भी अपराध हो गया है। राजद्रोह के मुकदमें तो किसी पर भी लगा दिए जाते हैं। जनता त्रस्त है और वह अब बस सन् 2022 के विधान सभा चुनाव का इंतजार कर रही है। भाजपा मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने का जनता का इरादा तभी सफल होगा।

bottom of page