एजेंसी
मुख्यमंत्री ने भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की

लखनऊ (न्यूज़ ऑफ इंडिया) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बोधिसत्व भारतरत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर असामान्य प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने चुनौतियों से रास्ता निकालकर देश को संविधान दिया। बाबा साहब के ‘आदि से अन्त तक मैं भारतीय हूं’ के भाव ने उन्हें पूरी दुनिया में एक विशिष्ट स्थान प्रदान किया। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर अखण्ड भारत में गरीबों, शोषितों एवं वंचितों की आवाज थे। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की महानता में निखार तभी आता है जब वह स्वयं के संघर्षाें से अपना रास्ता बनाता है। अवसर को उपलब्धियों में बदलने वालों का दुनिया सम्मान करती है। व्यक्ति की सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को आगे बढ़ाती है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को यहां बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला के क्रम में भारतरत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर जी की जयन्ती के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को बाबा साहब की जयन्ती, भगवान महावीर की जयन्ती एवं बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी को अपने महापुरुषों से प्रेरणा प्राप्त कर राष्ट्र व समाज की भलाई तथा विकास के लिए अपना योगदान देना चाहिए।