ब्यूरो
मुख्यमंत्री जी ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में धांधली करने में हद कर दी : सपा प्रमुख
समाजवादी पार्टी 2022 में 350 सीटें जीतेगी...

लखनऊ, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री जी ने सत्ता के दंभ में जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में धांधली करने में हद कर दी है। उनके अलोकतांत्रिक आचरण से संवैधानिक संस्थाओं के लिए भी खतरा पैदा हो गया है।
जनादेश का अपहरण करते हुए भाजपा के नेताओं के साथ प्रशासन के सहयोग से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों, प्रस्तावकों को बलपूर्वक नामांकन करने से रोका गया। समाजवादी पार्टी के नेताओं पर फर्जी मुकदमें लगाकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता की अदालत से तिरस्कृत भाजपा ने बलरामपुर में जबरन अपनी जीत दर्ज कराने के लिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को नज़रबंद कर नामांकन पत्र छीन लिया। लोकतंत्र का गला घोंटते हुए ललितपुर में भी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को नामांकन नहीं करने दिया गया।
सपा प्रमुख ने कहा कि पुलिस की उपस्थिति में बस्ती में भाजपा के प्रत्याशी ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को खींचकर अपहरण का प्रयास किया। कई जिला के पुलिस और राजस्व के अधिकारी चुनाव में धांधली रोकने के बजाय उसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभाते दिखाई दिए हैं।
समाजवादी पार्टी 2022 में 350 सीटें जीतेगी
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में अपनी हार को जबरन छल कपट से जीत में बदल कर तात्कालिक रूप से मुख्यमंत्री जी और भाजपा नेतृत्व भले ही आज वाहवाही करा लें पर कल विधानसभा के चुनाव में उन्हें मुंह की खानी पड़ेगी। जनता उनको उन्हीं की भाषा में जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। समाजवादी पार्टी 2022 में विधानसभा की 350 सीटें जीतकर आएगी और भाजपा चंद सीटों पर सिमट कर विपक्ष में बैठने को मजबूर होगी।