ब्यूरो
दारा सिंह चौहान और डॉ. आर. के. वर्मा ने सपा की सदस्यता ग्रहण की
अखिलेश यादव ने लांच किया सपा का नया गाना 'समाजवादी हुंकारा'

लखनऊ, सोशल। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान एवं विधानसभा सदस्य डॉ. आर. के. वर्मा ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दोनों नेताओं ने रविवार को सपा प्रदेश प्रदेश कार्यालय पर सपा अध्यक्ष अखिलश यादव के समक्ष सदस्यता ग्रहण की। दारा सिंह भाजपा और आर के वर्मा अपना दल छोड़कर सपा में शामिल हुए।
इस अवसर पर दारा सिंह चौहान ने कहा कि इस सरकार ने सबका साथ लिया लेकिन विकास कुछ लोगों का हुआ। प्रदेश का पिछड़ा समाज अब ठगने वाला नहीं है। दलित, वंचित समाज भी सपा के साथ है। किसान इस ठंड में अपनी घर की जगह खेत में सो रहे हैं अपनी फसल बचाने के लिए। 5 साल तक हमने इंतज़ार किया, हमें धोखा मिला भाजपा के वायदे को पूरा होने का इंतजार किया। “85 हमारा है, 15 में भी बंटवारा है, यही नहीं 100 भी हमारा है“। दारा ने कहा कि अखिलेश यादव विजनरी नेता हैं वे राजनीति के रोल मॉडल है। उन्होंने प्रदेश का अभूतपूर्व विकास किया है। उनके नेतृत्व में प्रदेश खुशहाल होगा। अखिलेश यादव के नेतृत्व में लोकतंत्र सुरक्षित होगा। वही भारत के भविष्य है। जनता का उन पर भरोसा है। 2022 में उत्तर प्रदेश से देश में परिवर्तन का संकेत जाएगा। दारा सिंह के साथ बसपा और भाजपा के कई पदाधिकारी भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। उनके समर्थक आजमगढ़, इटावा, मऊ, बाराबंकी, प्रयागराज, उन्नाव, फर्रूखाबाद, आगरा, मैनपुरी, औरैया, लखीमपुर खीरी, बहराइच, गोण्डा, बस्ती, फतेहपुर आदि जिलों से बड़ी संख्या में आए थे। दारा सिंह के साथ योगेन्द्र चौहान, शारदा प्रसाद चौहान, पूर्व प्रत्याशी बसपा, मोहन चौहान क्षेत्रीय मंत्री भाजपा, बृजभान चौहान लोकसभा प्रभारी भाजपा आदि सपा में शामिल हुए। वहीं विधायक डॉ0 आर.के. वर्मा जो कि अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं उनके साथ मो0 हफीज (पिज्जू), राधेश्याम पटेल, पूर्व क्षेत्र पंचायत प्रमुख, जे.के. राज्य (पासी) आदि शामिल हुए।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने पार्टी का नया गाना भी लांच किया। ‘समाजवादी हुंकारा‘ नामक यह गीत शाश्वत जोशी के जैक एंड जिल्स प्रोडक्शन व उनकी टीम द्वारा बनाया गया। इसे बॉलीवुड के गायक राजा हसन ने अपनी आवाज दी है और संगीत निर्देशन अभिनव और कौशिक का है।