ब्यूरो
भाजपा राज में महंगाई की मार से हर नागरिक दुःखी और परेशान: अखिलेश
अखिलेश यादव पहुंचे मलिहाबाद...

लखनऊ, सोशल टाइम्स। शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पद्मश्री, यश भारती सम्मानित कलीमुल्ला खां के आमंत्रण पर मलिहाबाद पहुंचे जहां आम उत्पादक किसानों और बागवानों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। अखिलेश यादव के साथ उनके पुत्र अर्जुन एवं बेटी टीना भी रहें।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा राज में महंगाई की मार से हर नागरिक दुःखी और परेशान है। किसानों को आय दुगनी करने के नाम पर धोखा मिला है। उन्हें फसल की लाभप्रद लागत भी नहीं मिली। खेती-किसानी का हर सामान भाजपा सरकार में महंगा हो गया है। चारों ओर भ्रष्टाचार और अराजकता का बोलबाला है।
उन्होंने बताया कि आम किसानों को कोई सरकारी मदद नहीं मिली। वे बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं। कोविड के दिनों में आम उत्पादकों को आर्थिक हानि उठानी पड़ी है। कलीमुल्ला खां ने आम का वह पेड़ भी दिखाया, जिस पर 300 वैरायटी के आम लगते है। अखिलेश को उन्होंने 2 किलो का आम भेंट किया जिसका नाम ‘राजावाला‘ रखा गया है।
वहीं अखिलेश यादव से किसानों ने शिकायत की कि आम उत्पादकों की बेहतरी के लिए भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही है। कीटनाशक दवाएं नकली मिल रही हैं। इस बार आम में 80 प्रतिशत फूल (बौर) था पर 15 प्रतिशत ही आम बचा है। उसमें से 70 प्रतिशत आम काला हो गया है। मंडियों में अब यहां के आम की पूछ नहीं रह गई है। फलपट्टी में सरकारी रवैये के खिलाफ काफी आक्रोश है।
नेता जी नामक रेस्टोरेंट पर पी चाय
साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने मलिहाबाद में नेता जी के नाम की चाय और मिष्ठान्न की दुकान पर भी रूककर चाय पी। बता दें कि अखिलेश यादव के लखनऊ से मलिहाबाद पहुंचने पर सैकड़ों नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। रास्ते भर स्थान-स्थान पर बड़ी संख्या में नौजवान तथा नागरिक एकत्र थे।