top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

सपा के निष्कासित विधायक हरिओम, कांग्रेस विधायक नरेश सैनी, धर्मपाल ने ली भाजपा की सदस्यता

स्वतंत्र देव सिंह, केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा की उपस्तिथि में ली सदस्यता

लखनऊ, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी द्वारा निष्कासित किये गए विधायक हरिओम यादव, कांग्रेस विधायक नरेश सैनी और पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्य्ता ग्रहण की। सभी ने भाजपा के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय पर बुधवार को उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप-मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी को भाजपा की सदस्यता दिलवाई और पट्टिका पहना कर भाजपा परिवार में उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की लोककल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर इन नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण किया है। इनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से पार्टी के चुनाव अभियान को और मजबूती मिलेगी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में ये लोग काम करेगें और पार्टी को मजबूती प्रदान करेगें। वहीं पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस विधायक नरेश सैनी, समाजवादी पार्टी के निष्काषित विधायक हरिओम यादव और पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नयी कहानी लिखी है। डबल इंजन की सरकार में ही उत्तर प्रदेश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि हम निःस्वार्थ भाव से पार्टी और संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे।

bottom of page