top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

किसानों ने अपने संघर्ष से भाजपा सरकार को झुका दिया: अखिलेश

भाजपा को हटाने और हराने के लिए सवा ने लिया "अन्न संकल्प"

लखनऊ, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में भाजपा को हटाने और हराने के लिए ‘‘अन्न संकल्प‘‘ लिया है। सपा प्रदेश कार्यालय पर सोमवार को लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड में घायल किसान नेता तेजिंदर सिंह बिर्क के साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य नेताओं ने भाजपा को हटाने और हराने का ‘‘अन्न संकल्प‘‘ लिया। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने पार्टी के सभी नेताओं और किसानों से अपील की कि वे सब अन्न संकल्प लें कि किसानों पर अत्याचार और अन्याय करने वाली भाजपा सरकार को हटाएं और हराएं।

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड में तेजिंदर सिंह बिर्क को कुचल देने की साजिश थी। घटना में बिर्क गम्भीर रूप से घायल हुए। किसानों, नेताओं ने इन्हें अस्पताल पहुंचाया, इलाज हुआ और भगवान ने बचा लिया। अखिलेश ने कहा कि तेजिंदर सिंह विर्क ने किसानों के लिए लड़ाई लड़ी और संघर्ष किया। किसानों ने अपने संघर्ष से भाजपा सरकार को झुका दिया। भाजपा सरकार ने जो तीन काले कानून किसानों पर थोपे थे, उससे खेती बर्बाद हो जाती, जमीन छिन जाती, किसान बर्बाद हो जाता, फसलों का कंट्रोल दूसरों के हाथ में चला जाता। यादव ने कहा कि आंदोलन के दौरान किसान शहीद हुए, उनकी जान गई, झूठे मुकदमे लगे, भाजपा के लोगों ने किसानों को अपमानित किया लेकिन किसान पीछे नहीं हटे। अंत में वोट के लिए भाजपा ने काले कानून वापस ले लिए। अखिलेश यादव ने कहा कि जो कल तक काले कानूनों के पक्ष में थे, वही अब कह रहे हैं कि किसान हित में कानून वापस लिए गए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में हम शामिल करेंगे कि सभी फसलों की एमएसपी दी जाएगी और गन्ना किसानों का 15 दिन में भुगतान कराया जाएगा, उसके लिए सरकार एक रिवालिं्वग फंड बनाएगी। साथ ही 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त और किसानों की सिंचाई पूरी तरह से मुफ्त करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर लगाए गए मुकदमों को वापस लिया जाएगा और जिन किसानों की जान गई है उनके परिजनों को 25-25 लाख रुपए देकर मदद की जाएगी। यादव ने कहा कि हम घोषणापत्र में उन तमाम बिंदुओं को भी रखेंगे, जिनके जरिए इन घोषणाओं को पूरा करेंगे। हम किसानों और अपने नेताओं से अपील करते हैं कि वे सभी ‘अन्न संकल्प‘‘ से जुड़े और भाजपा को हटाने और हराने में जुटे। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी और भाजपा नेता आचार संहिता का लगातार उल्लंघन कर रहे है। हम चुनाव आयोग से इसकी लिखित शिकायत करेंगे।

एक सवाल के जवाब में यादव ने कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर छुट्टा जानवरों के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। छुट्टा जानवर किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। लोगों की जान ले रहे हैं, लेकिन बीजेपी सरकार इन्हें नहीं पकड़ रही है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में जानवरों के हमले में सबसे ज्यादा जान उत्तर प्रदेश में गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठे वादे किए, मां गंगा से झूठ बोला लेकिन नदियों की सफाई नहीं की। सपा सरकार में सभी नदियों को साफ किया जाएगा।

bottom of page