ब्यूरो
भाजपा राज में किसानों को मिला धोखा, नौजवान परेशान: अखिलेश यादव
विधानसभा के बाहर सपा विधायकों का प्रदर्शन...

लखनऊ, सोशल टाइम्स। सोमवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में महंगाई आसमान छू रही है, किसानों को धोखा मिला, बेरोजगारी से नौजवान परेशान हैं। जनसामान्य उत्पीड़न का शिकार है। लोग भाजपा से मुक्ति चाहते हैं। उनका भरोसा समाजवादी पार्टी पर है। उन्होंने कहा कि किसानों को भाजपा राज में ही सर्वाधिक अपमानित और उपेक्षा का शिकार होना पड़ा है। खाद , डीजल और बिजली महंगी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि किसानों की बात करने वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने 4 साल तक गन्ने के दाम नहीं बढ़ाए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ किसानों का भारी गुस्सा देखते हुए और चुनावी फसल काटने के लिए अंतिम चुनाव वर्ष में मुख्यमंत्री जी छद्म सहानुभूति दिखाने लगे हैं।
यादव ने कहा कि अभी असमय वर्षा और आंधी ने फसलों को बहुत नुकसान पहुंचाया है। लखीमपुर काण्ड इसका जीता-जागता उदाहरण हैं इससे जाहिर है कि भाजपा पूंजी घरानों की ही हित चिंता करती है इसलिए उसने चीनी मिलों के मालिकों को तो कई रियायतें दी परन्तु किसानों को गन्ने का बकाया मूल्य मिले इसकी व्यवस्था नहीं की। एमएसपी की अनिवार्यता की मांग को भी उसने नहीं माना है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता के समक्ष न केवल संविधान अपितु किसान और देश को बचाने के लिए भाजपा को हटाना ही एक मात्र विकल्प रह गया है। भाजपा से कोई उम्मीद नहीं करनी चाहिए क्योंकि उसमें जनहित में कोई काम करने की इच्छा शक्ति नहीं है। जागरूक मतदाता ही सन् 2022 में भाजपा की साजिशों का सामना कर उसे परास्त कर सकते हैं। वहीं सोमवार को विधानसभा सत्र शुरू होने पहले परिसर पहुंचे सपा विधायकों ने महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विधायकों ने हाथ में सिलेंडर का पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही विरोध में सपा नेताओं ने हवा में काले गुब्बाड़े भी छोड़े।