top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

किसान भाजपा के लिए अपने दरवाजे बंद कर देंगे: अखिलेश यादव

सपा-रालोद की संयुक्त रैली में उमड़ा जनसैलाब

लखनऊ, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में किसानों को क्या-क्या नहीं सहना पड़ा। कृषि कानूनों से उन्हें तमाम परेशानियां उठानी पड़ीं। किसान मजदूर बदहाली के शिकार हैं। खाद नहीं मिल पा रही है। गन्ना किसानों का हजारों करोड़ रूपये बकाया है। किसानों की एक जुटता ने संदेश दिया है कि वे भाजपा के लिए अपने दरवाजे बंद कर देंगे। किसानों को एमएसपी के लिए ठोस फैसला हो। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके हक दिलाए जाएंगे। भाजपा किसानों का अपमान करती रही है। मंगलवार को मेरठ में संयुक्त परिवर्तन रैली को सम्बोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि विशाल जन सैलाब के भारी जोश को देखकर यह भरोसा हो गया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का सूरज हमेशा के लिए डूब जाएगा। 2022 में किसान इंकलाब होगा और चुनाव में अवश्य बदलाव आएगा। यादव ने चौधरी चरण सिंह और टिकैत जी को भी याद किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के मंत्री और समर्थकों ने किसानों को गाड़ी से कुचल दिया है। दवा, इलाज, खाद के लिए लोगों को लाइन में लगना पड़ा है। भाजपा ने महंगाई बढ़ाई है। डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस के दाम बहुत बढ़ गए हैं। भाजपा ने लोगों को बहुत दुःख और परेशानी दी है। नौकरी मांगने पर नौजवानों पर लाठियां बरसाती है। प्रदेश की जनता अब भाजपा को वापस सत्ता में नहीं आने देगी। भाजपा सरकार सरकारी संस्थानों को बेचकर लोगों का हक और अधिकार छीन रही है। हवाई जहाज बेच दिए, एयरपोर्ट बेच दिए, रेल स्टेशन बेच दिए। आज मोटर साइकिल चलाना भी भारी हो गया है। पलायन की बात करने वाले खुद पलायन करके आए हैं। यादव ने कहा कि भाजपाई नफरत की राजनीति कर रहे है और हमारे बीच खाई पैदा कर रहे हैं। हमारे और आपके बीच में जो खाई पैदा करे वही है भाजपाई। भाजपा के ठोको राज ने लोगों को अपमानित किया हैं बुलडोजर वाले अपने बुल को नहीं सम्हाल पा रहे हैं। इनकी हर बात झूठी है। इनका प्रचार और विकास झूठा है।

वहीं रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा ने किसानों को कुचला है और 700 से ज्यादा शहीद हुए हैं। किसानों की कुर्बानी बहुत बड़ी है। यूपी में पेपर होते हैं लेकिन उससे पहले लीक हो जाते हैं। बिजनौर में सड़क उद्घाटन में ही टूट जाती है। श्री जयंत चौधरी ने कहा कि रालोद शहीद किसानों की स्मृति में स्मारक बनाएगी। सरकार बनने पर चौधरी चरण सिंह जी का भी स्मारक बनेगा। 23 दिसम्बर को अलीगढ़ में दुबारा हम सब इकट्ठा होंगे और किसान दिवस मनाएंगे। रैली में ओ.पी. राजभर के कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। मंच पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, विधायक रफीक अंसारी, शाहिद मंजूर, पंकज मलिक, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी के अलावा शहर के विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, युवा नेता अतुल प्रधान, हरेन्द्र मलिक, सुधीर पंवार, त्रिलोक त्यागी, राष्ट्रीय सचिव रमेश प्रजापति सहित रालोद के प्रदेश अध्यक्ष मो. मसूद और दल के अन्य नेता भी मौजूद थे।

bottom of page