ब्यूरो
लॉकडाउन में मजदूर भाई पैदल चलकर पहुंचे, दवाई - ऑक्सीजन नहीं दे पाई भाजपा सरकार: अखिलेश

कौशांबी, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लॉकडाउन में हमारे मजदूर भाई बच्चों को गोदी में लेकर पैदल चलकर पहुंचे थे। जब बीमारी आई कोरोना की तब दवाई और ऑक्सीजन की जरूरत भी नहीं पूरी कर पाई भाजपा सरकार।
सपा अध्यक्ष ने मंगलवार को सिराथू में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सिराथू के लोगों ने राय बना ली है। लखनऊ की घबराहट ठीक है। इसीलिए भाजपा के यहां के नेता काम नहीं आ रहे हैं। बाहर के नेता बुलाए जा रहे हैं। देख लेना आज का जनसमर्थन जो जुटा है। इसके बाद वो रंग और कपड़े बदलकर यहां से निकल जाएंगे। उन्होंने कहा कि आपके बगल में बनारस और गाजीपुर में लाशें तैर रही थी गंगा जी में। ये संविधान बचाने का चुनाव है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि स्टूल वाले मंत्री हैं, इन्होंने आपको धोखा दिया है। आपके यहां चौड़ी सड़क भी नहीं बनाई, ये कमाल के मंत्री थे। मैंने सुना था कि एक बार स्टूल वाले मंत्री भूल गए कि वो स्टूल वाले मंत्री है। उन्होंने मुख्यमंत्री के कमरे में अपनी तख्ती लगा ली। डीजीपी की बैठक भी कर ली। मुख्यमंत्री को जब पता चल तब उन्होंने तख्ती और कुर्सी दोनों फेंक दी।
वहीं ग्रहमंत्री अमित शाह के बयां पर बिना नाम लिए अखिलेश ने वार किया और कहा कि गनीमत है की उन्होंने ऐसा नहीं कहा कि इंटर के बाद 10 वीं पास करने वालों को लैपटॉप देंगे। इनका 12 वीं के बाद इंटर वाला बयान सुनकर लोग लोटपोट हो रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि ये स्टूल वाले मंत्री भी लैपटॉप चला पाते होंगे।
उन्होंने कहा कि सपा गठबंधन ने सिराथू में यहां की बहू को उतारा है, पल्लवी पटेल जी अपने चुनाव चिन्ह पर भी चुनाव लड़ सकती थीं। लेकिन हमने ही इनसे कहा कि आप साइकिल सिंबल पर लड़िए। तो फिर किसकी जिम्मेदारी है इनको जिताने की सपा सरकार में यहां का विकास करेंगे।
केशव को लेकर उन्होंने कहा कि यहां के स्टूल मंत्री ने वसूली से अपने करियर की शुरुआत की, काहे कि वसूली करते थे। ये भी बताना पड़ेगा क्या? सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। तीन महीने में ही सड़क उखड़ रही है। हम सरकार बनने पर इसकी जांच कराएंगे। स्टूल मंत्री जो यहां के बेटा बनकर गए थे। इन्होंने झूठ, धोखा और लूट करने का काम किया। इन्हें सबक सिखाओगे कि नहीं?
उन्होंने कहा कि सिराथू में उमड़ा जनसैलाब बता रहा है। 10 मार्च को बदलाव होने जा रहा है। स्टूल मंत्री पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के उद्घाटन में नहीं पहुंच पाए वो सिराथू का विकास क्या करेंगे। यहां का भाजपा का विधायक गरीबों की जमीनों पर कब्जा करता है। सपा सरकार आएगी तो रजिस्ट्रियां कैंसल करा कर गरीबों को न्याय और उनकी जमीन दिलवाएंगे
चायल में जनसभा को सम्बोधित करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली वाले आ रहे हैं यहां पत्रकार साथियों उनको बता देना कि सबसे बड़ा माफिया यहां का विधायक है। सपा को जिताओ पांच साल मुफ्त राशन पाओ राशन के साथ मिल्क पाउडर, घी, सरसों का तेल भी फ्री देंगे। उत्तरप्रदेश में सरकारी विभागों में 11 लाख पद खाली हैं। सपा सरकार बनने पर सभी रिक्त पदों को भरा जाएगा। यहां का भाजपा का विधायक गरीबों की जमीनों पर कब्जा करता है। सपा सरकार बनने पर किसानों की सिंचाई माफ होगी। ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा। शिक्षा मित्रों को नियमित अध्यापक बनाने का काम होगा।