top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

यूपी चुनावों पर बोलीं ममता: अखिलेश यादव स्वयं इस लड़ाई को लड़ने में सक्षम हैं

ममता जी के आने से भाजपा के संकट के बादल गहरे हो गए हैं: अखिलेश

लखनऊ, सोशल टाइम्स। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यूपी विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि अखिलेश यादव स्वयं इस लड़ाई को लड़ने में सक्षम हैं। हम सभी उनकी मदद करेंगे। जैसे पश्चिम बंगाल में भाजपा हारी है वैसे ही उत्तर प्रदेश में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। सपा कार्यालय पर मंगलवार को ममता बनर्जी ने वर्चुअल सम्बोधन में प्रदेश के किसानों, नौजवानों, माताओं, बहनों और अल्पसंख्यक सभी से अपील की कि वे एकजुट होकर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की मदद करें। उन्होंने कहा यह उत्तर प्रदेश की इज्जत की लड़ाई है और भाजपा हिन्दुस्तान के लिए खतरा पार्टी है।

इस अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उनके आने के बाद अब भाजपा के झूठ का जहाज उत्तर प्रदेश नहीं आ पाएगा और उन्हें पश्चिम बंगाल की हार याद आ गई होगी। यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने साम्प्रदायिक तत्वों को हराने का काम किया। उनकी जीत से नारीशक्ति का सम्मान बढ़ा है। यादव ने कहा कि नेता जी सुभाष चंद्र बोस और गुरूदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की धरती से दीदी का आज हमारे साथ आना गर्व की बात है। ममता जी के आने से भाजपा के संकट के बादल और भी गहरे हो गए हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि आज देश को बचाना है। मैं यह कहने को आई हॅू कि मेरे भाई अखिलेश यादव को सभी लोग चुनाव में पूरी मदद करें। भाजपा को हटाइए। यूपी से भाजपा गई तो देष से भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले माफी मांगे फिर वोट मांगे। किसान आंदोलन में शहीद किसानों के लिए, हाथरस में बहन को को जिंदा जलाने के लिए, उन्नाव में बेटी के साथ दुष्कर्म के लिए, कोरोना काल में गंगा में लाशें बहाने के लिए भाजपा माफी मांगे। उन्होंने कहा भाजपा का मेनिफेस्टो नहीं, मेनिफेस्टो है। जब 7 साल से केन्द्र में भाजपा सरकार है और फिर 5 साल की उत्तर प्रदेश सरकार है तो घोषणा पत्र की क्या जरूरत है। वे काम करके दिखाते क्यों नहीं? अपने वादे पूरे क्यों नहीं किए? जब कोविड में लोग मर रहे थे। योगी जी बंगाल में ममता को हराने गए थे। इस दौरान बनर्जी ने लता जी के देहांत पर श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए उनके गाए प्रसिद्ध गीत 'ए मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी' भी गया।

साथ ही ममता ने कहा कि जनता से टैक्स में वसूले पैसे से भाजपा सरकार ने राशन बांटा, टीके लगाए उनको मुफ्त का बता दिया। पीएम केयर फण्ड में जमा पैसा कहां खर्च हुए, बताते नहीं है। भाजपा जैसे कुछ लोग है जो मौसम में कोयल की तरह आते है फिर चुनाव बाद गायब हो जाते हैं। ऐसे लोगों को वोट देकर खराब न करो। भाजपा साम्प्रदायिक राजनीति करती है। आप यूपी से भाजपा को हटाइए हम दिल्ली से इसे भगा देंगे। भाजपा डराएगी पर हमें डरना नहीं है। उन्होंने कहा अखिलेश यादव स्वयं इस लड़ाई को जीतने में सक्षम हैं, हम सभी सीनियर नेता उनकी मदद करेंगे। उत्तर प्रदेश में श्री अखिलेश यादव जीते तो उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल मिलकर उद्योग लगाएंगे और पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा वे 3 मार्च 2022 को वाराणसी आएंगी। सुश्री ममता बनर्जी ने अपने भाषण का अंत वंदे मातरम के जयघोष से किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल भी मौजूद रहे।

bottom of page