ब्यूरो
शिवालय, मठ मंदिरों में स्क्रीन लगाकर होगा मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
प्रधानमंत्री ‘‘दिव्य काशी-भव्य काशी‘‘ के सपने को साकार कर रहे हैं: स्वतंत्र देव

लखनऊ, सोशल टाइम्स। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 13 दिसम्बर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा प्रदेश के सभी 27700 शक्तिकेन्द्रों में शिवालय तथा प्रमुख मठ मंदिरों में व्यवस्थित रूप से स्क्रीन लगाकर किया जाएगा। स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री द्वारा काशी कॉरिडोर के लोकार्पण पर पार्टी द्वारा प्रदेश भर में चलाए जा रहे दिव्य काशी भव्य काशी अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीयों के लिए भी यह बहुत बड़ा अवसर है जब काशी की महिमा और महत्ता और समृद्ध होने जा रही है। विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत की महान पुरातन संस्कृति को दुनिया भर में पुनः प्रतिष्ठित करने वाले ध्वजवाहक एवं देश के प्रधानमंत्री ‘‘दिव्य काशी-भव्य काशी‘‘ के सपने को साकार कर रहे हैं। भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक प्राचीन धार्मिक नगरी काशी विश्वनाथ धाम के सौंदर्यीकरण तथा समग्र विकास के अद्भुत कार्यों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 13 दिसम्बर 2021 को लोकार्पण हो रहा है, यह हम सभी के लिए अत्यंत ही प्रसन्नता एवं गौरव का विषय है। भगवान शिव के त्रिशूल पर बसी काशी नगरी के पुररूद्धार के लिए राजर्षि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो संकल्प लिया था, वह काशी विश्वनाथ धाम के रूप में 13 दिसम्बर, 2021 को मूर्त रूप लेने वाला है। उन्होंने कहा कि इस दिन देश भर से धर्माचार्य, साधुसंत, प्रबुद्धजन, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री श्रद्धालुगण प्रत्यक्ष रूप से काशी में इस भव्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के अनोखे तादात्म्य, सामाजिक समरसता, अंखडता और एकता का प्रतीक होगा। इस कालजयी कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी स्तर पर कई कार्यक्रमों की रचना की है। ये कार्यक्रम एक महीनें तक पूरे देश में आयोजित किये जाएगें जो 13 दिसम्बर 2021 से शुरू होकर मकर संक्रान्ति तक अर्थात 14 जनवरी 2022 तक चलेगें। पार्टी के सभी जन-प्रतिनिधि इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कई कार्यक्रमों की शुरूआत पहले ही हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 27700 शक्तिकेन्द्रों में शिवालय तथा प्रमुख मठ मंदिरों में व्यवस्थित रूप से स्क्रीन लगा कर 13 दिसम्बर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। जिसमें पार्टी कार्यकर्ता श्रद्धालुओं, प्रबुद्धजनों, पुजारियों, महंतो तथा साधु-संतो के साथ भाग लेंगे। प्रदेश के सभी गांवों में भी इस कार्यक्रम के सीधा प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी जिसमें गांव के लोगों के साथ पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस दिन सभी जिलो में किसी न किसी मंदिर, मठ, आश्रम या अन्य धार्मिक स्थल पर आयोजित होगा जिसमें साधु-संतों धर्माचार्यों, प्रबुद्धजनों, पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में ‘‘दिव्य काशी-भव्यकाशी‘‘ पर साहित्य भी दिया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों में धर्माचार्यों एवं साधु-संतो को पार्टी द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।