एजेंसी
स्वस्थ भारत समर्थ भारत सशक्त भारत की संकल्पना को साकार करना ही हमारा उद्देश्य : मुख्यमंत्री

लखनऊ (न्यूज़ ऑफ इंडिया) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सदी की महामारी कोविड नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी गईं। इस महामारी के विरुद्ध अब तक प्रधानमंत्री का निरन्तर मार्गदर्शन मिल रहा है। मात्र 09 महीने की अवधि में भारत में कोरोना नियंत्रण के लिए 02 वैक्सीन विकसित की गईं। कोविड काल के दौरान 02 वर्षों तक 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता रहा। देश में वैक्सीन की 200 करोड़ डोज उपलब्ध करायी जा चुकी हैं। कोरोना नियंत्रण के लिए निःशुल्क टेस्ट, उपचार व वैक्सीन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कोविड नियंत्रण के लिए स्वास्थ्यकर्मियों ने सराहनीय कार्य किया, जिसका परिणाम सबके सामने हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या भारती ने शिक्षा को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने का प्रशंसनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि तकनीक के स्तर पर हम सभी को निरन्तर अग्रसर होते हुए ‘स्वस्थ भारत, समर्थ भारत, सशक्त भारत’ की संकल्पना को साकार करना है और इसके मार्ग में आने वाली हर बाधा को दूर करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान आजादी के अमृत महोत्सव के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का सफल कार्य करेगा।
इस अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के पदाधिकारीगण एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।