top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

समाजवादी पार्टी को जिताने का संकल्प ले चुके हैं लोग: अखिलेश यादव

जनता से रूबरू नहीं होते मुख्यमंत्री...

लखनऊ, सोशल टाइम्स। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार जाने किस अपराध में जनसाधारण को ज्यादा से ज्यादा तकलीफें देने पर आमादा है। अभी जितनी महंगाई है उससे ही लोगों की कमर टूट गई है अब उस पर और ज्यादा जुल्म करने का भी इरादा हो गया है। गरीब तो पहले से ही सांसे गिन रहा था अब मध्यमवर्ग को भी मिटाने की योजना पर अमल शुरू हो गया है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों से पूरे देश में आक्रोश है। लोग अब भाजपा के जाने और समाजवादी पार्टी को जिताने का संकल्प ले चुके हैं। उन्होंने है कि अपने हर वादे को कूड़े के ढेर में फेंक देने वाली भाजपा ने संकल्प-पत्र (घोषणा-पत्र) में मंहगाई और भ्रष्टाचार कम करने की घोषणा जोरशोर से की थी। लेकिन सत्ता में आने के बाद भाजपा ने हर दिन लोगों को मंहगाई की आग में जलाया है। ताजी सूचना है कि त्योहार के मौसम में पेट्रोल-डीजल के साथ रसोई गैस के दाम और ज्यादा बढ़ सकते हैं। सरकार के आंतरिक सर्वे में आया है कि उपभोक्ता एक हजार रूपए का सिलेंडर भी खरीद सकते हैं। पेट्रोल-डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी के बाद परिवहन की दरों में भारी उछाल आया है और आवागमन मंहगा हुआ है। डीजल खेती के काम में इस्तेमाल होता है जिससे सिंचाई की लागत भी बढ़ गई है।

यादव ने कहा कि करोड़ों मुफ्त गैस कनेक्शन का ढिंढोरा पीटने वाले मुख्यमंत्री जी जनता से तो रूबरू होते नहीं इसलिए उन्हें लोगों की मुश्किलों की जानकारी ही नहीं होती है। वे इसलिए अपना राग अकेले ही अलापते रहते हैं। गरीब परिवार ‘उज्जवला‘ के मंहगे सिलेंडर भरवाने में असक्षम है। उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को सशक्त बनाने के नाम पर उज्ज्वला योजना के आंकड़े बढ़-चढ़कर बताये जाते हैं पर जमीनी हकीकत यह है कि तमाम लाभार्थी जो गरीब और मजदूर है दुबारा अपना सिलेंडर रिफिल नहीं करा पाए हैं। घरों में औरतें आज भी रसोई में चूल्हें में फूंककर रोटी पकाती हैं और बदले में चूल्हें का धुआं उनके फेफड़ों को रोज संक्रमित करता है। प्रदेश का बच्चा-बच्चा जान गया है कि भाजपा झूठ और नफरत की राजनीति करती है और लोगों को भटकाने-बहकाने का काम करती है। सन् 2022 के चुनाव में वह अब भाजपा के किसी झांसे में नहीं आएगी और समाजवादी पार्टी को ही सत्ता में प्रतिष्ठित करेगी।

bottom of page