संवाददाता
योगी के चौखट पर जनता ने दिखा दी अखिलेश की झांकी: नंदा
बीजेपी 15 लाख का झूठा वादा करके सत्ता में आई थी: विकास

कन्नौज, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने संगठन समीक्षा के दो दिवसीय दौरे के तहत जिले की तीन विधानसभा वार समीक्षा बैठक की। रविवार को विधानसभा वार विधानसभा अध्यक्ष, महासचिव, ब्लॉक अध्यक्ष, विधान सभा के सभी सेक्टर प्रभारी से संगठन मजबूत करने की चर्चा की। सभी पदाधिकरियों को संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। इस दौरान घरों पर समाजवादी झंडा लहराने, लाल टोपी लगाकर गर्व से लोगों को सपा शासन काल में किए विकास कार्यो को बताने के साथ ही जीत के गुप्त मंत्र दिए। उन्होंने सभी को एकजुट होकर प्रदेश में सपा सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने सत्ताधारी बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त बीजेपी ने कोई एक भी वादा पूरा नही किया,सिर्फ गुमराह किया । उन्होंने कहा कि ये धर्म व राम के नाम पर लूटने वाली बीजेपी है। लेकिन इनके शीर्ष नेता को ये तक नही पता कि रावण के वध के समय ज्ञान लेने लक्ष्मण गए थे न कि भरत। जनता इनके अब बहकावे में नही आने वाली। जनता ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय ले लिया। जिसकी झांकी जनता ने मुख्यमंत्री योगी को उनके चौखट पर ही गोरखपुर में अखिलेश यादव के रथ यात्रा के दौरान उमड़े जन सैलाब के रूप में दिखा दिया है।
इस दौरान युवजन सपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव ने कहा कि बीजेपी भोली भाली जनता से 15 लाख देने का झूठा वादा करके सत्ता में आई, कहा कि काला धन लाएंगे और इस धन को सभी में बांट देंगे। बीजेपी को शमशान, कब्रिस्तान, हिंदू, मुसलमान के अलावा दूसरा कुछ सूझता। इन सभी बातों को जनता जान चुकी है। सपा काल में यूपी तरक्की की राह पर था, जिसे बीजेपी ने केवल धर्म- सम्प्रदाय,लड़ाई झगड़ों में तब्दील कर दिया। समीक्षा के पहले वर्तमान विधायक व पूर्व विधायक, आवेदकों, जिला कमेटी के पदाधिकारी, समस्त यूथ प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवमूर्ति राना, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण सैनी, जिलाध्यक्ष कलीम खान, शेखर यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।