top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

ऐसा पहली बार देखा कि जनता खुद चुनाव लड़ा रही है: अखिलेश

अब भाजपा सुन्न के साथ शून्य हो रही है...

लखनऊ, सोशल टाइम्स। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने कहा कि ऐसा चुनाव पहली बार देखने को मिल रहा है कि जनता खुद चुनाव लड़ा रही है। भाजपा नेताओं के घर और गाड़ी से झंडा उतर गया है। हर चरण में समाजवादी पार्टी को भाजपा पर बढ़त मिली है। आज भी जनता समाजवादी गठबंधन प्रत्याशियों को वोट दे रही है। आज गठबंधन दूसरा शतक भी लगा देगा। उन्होंने कहा भाजपा नेता गठबंधन की रैलियों में उमड़ते जनसैलाब को देखकर ठंडे हो गए।

सपा अध्यक्ष ने बुधवार को बहराइच, श्रावस्ती, गोण्डा और बाराबंकी के विधानसभा क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में जनता को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सुन्न के साथ शून्य हो रही है। यादव ने कहा कि भाजपा के जो छोटे नेता है वह छोटा झूठ बोल रहे हैं इनके जो बड़े नेता है वह बड़ा झूठ बोल रहे हैं और जो सबसे बड़े नेता है वह सबसे बड़ा सफेद झूठ बोल रहे हैं। इनके झूठ पकड़े गए। भाजपा के लोगों ने कहा था कि सन् 2022 में किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। क्या किसान की आय दोगुनी हुई? जब किसान खाद लेने गए तो क्या उन्हें खाद मिली? क्या डीएपी भी मिली? भाजपाई कहते थे कि हवाई चप्पल वाले को हवाई जहाज में बैठाएंगे लेकिन गरीब की गाड़ी का तेल महंगा करके गाड़ी खड़ी करा दी। आज पेट्रोल 100 के पार हो गया। ये दोबारा आ गए सरकार में तो पेट्रोल 200 रुपए का हो जाएगा। जैसे ही भाजपा की सरकार आई बड़े-बड़े उद्योगपति भारत का पैसा लेकर भाग गए। अभी एक और उद्योगपति 28 बैंकों का 22 हजार करोड़ लेकर भाग गया। गरीब अगर पैसा ना दे पाए तो बैंक उसे परेशान करती है लेकिन लगातार लोग पैसा लेकर भाग रहे है। जो पहले भागे थे वो भी कहां के थे, जो अभी भागा वो भी कहां का है? उन्होंने कहा कि भाजपाई कह रहे थे कि हवाई चप्पल पहनने वाले गरीबों को हवाई जहाज में बैठाएंगे लेकिन इन्होंने तो सब हवाई जहाज बेच दिए। पानी का जहाज बेच दिया, बंदरगाह बेच दिया, ट्रेनें बिकने जा रही है, रेलगाड़ी बिकने जा रही है और रेलगाड़ी के साथ-साथ रेलवे की जमीन भी बिक रही हैं। आरक्षण खत्म करने के लिए मुनाफे वाली सारी संस्थाओं को बेचा जा रहा है। गरीब की जेब से पैसा निकाल कर अमीर की तिजोरी में भर रहे है। खाद, डीजल महंगा। खाद की बोरी से चोरी हो गई। बाबा सीएम ने 11 तारीख को लखनऊ से गोरखपुर की टिकट बुक करा कर रखी हुई है।

अखिलेश ने कहा कि ये चुनाव यूपी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। ये चुनाव संविधान को बचाने का है। गंगा जमुनी तहजीब, भाईचारे को बचाने का चुनाव है। आपका भविष्य बचाने का चुनाव है। इसलिए हमने तय किया है कि 300 यूनिट बिजली फ्री होगी। सिंचाई के लिए बिजली फ्री होगी। जब से हमने ये ऐलान किया भाजपा की बिजली गुल हो गई है। हमारे 69000 शिक्षक अभ्यर्थी, शिक्षा मित्रों के साथ भाजपा ने आरक्षण घोटाला और समायोजन में अन्याय कियाा। सपा सरकार बनने पर न्याय होगा। बेसिक शिक्षा के अध्यापकों को गृह जनपद के 100 किमी के दायरे में पोस्टिंग होगी। महिला शिक्षकों को गृह जनपद में पोस्टिंग देंगे। 12 वीं पास बहनों को 36 हजार रुपए कन्या विद्याधन देंगे। समाजवादी पेंशन को तीन गुना कर 15 सौ रुपए महीना और सालाना 18 हजार रुपये देंगे। पिछली सरकार में 15 लाख लैपटॉप बांटे थे। इस बार भी बाटेंगे। साथ ही 22 लाख रोजगार आईटी के क्षेत्र में देंगे। समाजवादी कैंटीन भी बनाने का काम करेंगे। जिससे गरीबों को 10 रुपए में थाली मिल जाए। सबको मुफ्त राशन साथ में तेल, घी मुफ्त मिलेगा। ये जो राशन मिल रहा है वो मार्च तक ही मिलेगा। सपा का शासन जब तक रहेगा गरीबों को राशन मिलता रहेगा वो भी सरसों के तेल, घी वाला। हम एम्बुलेंस बढ़ाने का भी काम करेंगे, उसे दोगुना कर देंगे। 11 लाख पद सरकार में खाली है। सपा सरकार में लोगों को नौकरी और रोजगार देने का काम होगा। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के समय एक परिवार, जो नेपाल का रहने वाला था बहराइच के लिए चला। लॉकडाउन लग गया। वह भारत की सीमा में नहीं घुस सकता था । अगर डबल इंजन सरकार में कोई भी चीज बढ़ी है तो वह बेरोजगारी और महंगाई है। भाजपा ने पूरे पांच साल खुद कोई काम करने के बजाय समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना नाम और रंग देने का काम किया है। एक यूनिट बिजली नहीं बनाई पर बिजली महंगी कर दी। अब इस सबसे ऊबी जनता ने भाजपा के सफाये का मन बना लिया है।

bottom of page