संवाददाता
गोण्डा: पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को किया गिरफ्तार

गोण्डा। थाना इटियाथोक क्षेत्र के अन्तर्गत हुए दोहरे हत्याकाण्ड के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
बुधवार को थाना इटियाथोक क्षेत्र के अन्तर्गत बेलभरिया के रहने वाले बुजुर्ग दम्पत्ति जाकिर पुत्र मो० सत्तार उम्र लगभग 75 वर्ष व ननका पत्नी जाकिर उम्र लगभग 70 वर्ष की हत्या कर दी गयी थी। मृतक दम्पति के पुत्र नासिर रजा पुत्र जाकिर नि० बेलभरिया, थाना इटियाथोक जनपद गोण्डा की तहरीर पर थाना इटियाथोक में सम्बन्धित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। सूचना पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा आकाश तोमर द्वारा डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल की जांच की गयी थी तथा आरोपी अभियुक्तों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हेतु टीमें गठित कर थानाध्यक्ष इटियाथोक को निर्देशित किया गया था।
उक्त निर्देश के अनुक्रम में थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा शुक्रवार को सुरागरसी-पतारसी कर मुखबिर खास की सूचना पर दोहरे हत्याकाण्ड के आरोपी अभियुक्तों मो० इसरार उर्फ कल्लू, शौकत अली को गिरफ्तार कर उनकी निशान देही से आलाकत्ल (चारपाई की पाटी) बरामद किया गया। अभियुक्तगणों के विरूद्ध थाना इटियाथोक पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की गयी।