top of page
  • Writer's pictureसंवाददाता

सेव इंडियन फैमिली ने किया स्टेट मीट का आयोजन



लखनऊ। सेव इंडियन फैमिली के मेरठ चैप्टर ने अपनी सहयोगी संस्थाओं के साथ 6वीं उत्तर प्रदेश स्टेट मीट का आयोजन पी. एल. शर्मा मैमोरियल हॉल में शनिवार को किया। सेव इंडियन फैमिली लिंगभेदी मानसिकता और कानूनों से पुरुषों और परिवारों की निस्वार्थ और निशुल्क रक्षा के लिए सन् 2005 से पूरे देश में संघर्षरत लगभग 50 स्वयं सेवी संस्थाओं का समूह है। स्टेट मीट का उद्देश्य पारिवारिक व्यवस्था को मजबूत करना और पुरुषों के साथ हो रही सामाजिक दुर्भावना व कानूनी भेदभाव को मिटाना है।


कार्यक्रम में मेरठ के बाहर से कानपुर, लखनऊ, हापुड़, सहारनपुर, आदि यू. पी. के अतिरिक्त राजधानी दिल्ली से परिवार रक्षक पुरुष अधिकार कार्यकर्ता सम्मिलित हुए और समाज और कानून में पारिवारिक संस्था को मजबूत बनाने और पुरुषों को सम्मान दिलाने के लिये समाज में जनचेतना लाने का प्रयास किया गया।


इस कार्यक्रम में मेन वेलफेयर ट्रस्ट, दिल्ली से अमित लखानी ने प्रस्तावित “विवाहित बलात्कार” के अपार दुरूपयोग तथा उससे समाज व पारिवारिक व्यवस्था में होने वाली अस्थिरता पर चिंता जताई। मेरा अधिकार राष्ट्रीय दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल मोहन व विपिन त्यागी ने पुरुष अधिकारों के लिए राजनीतिक महत्व को समझाते हुए बताया कि, राजनीति में पुरुषों का कोई वोट बैंक नहीं होने के कारण पुरुषों की समस्याओं पर कोई विचार नहीं किया जाता है, और न ही कोई योजना बनाई जाती है, उल्टे उनको हर समस्या के लिए दोषी ठहरा दिया जाता है। विपिन त्यागी ने बताया कि महिला संगठनों का दबाव, इन्साफ की बजाय अभियुक्तों की गिरफ्तारी और उनकी सम्पत्ति दोहन पर ज्यादा होता है। जब 70 से 99 प्रतिशत तक महिला के आरोप झूठे पाए जाते हैं तब भी उनको सजा देने की बजाय, आज भी स्त्री के महज बयान पर ही, “गंभीर प्रकृति का आरोप है”, के आधार पर आँख बंद करके गिरफ्तारी की जाती है, जो पूर्णतया गलत है।


कानपुर टीम “दमन” से अनुपम दूबे ने मेरठ चैप्टर को और अधिक मजबूत होकर कार्य करने व यथा संभव सहायता का आश्वासन दिया।


लखनऊ से कपिल ने गुजारा भत्ता के द्वारा महिलाओं को परजीवी बनाने की जगह महिलाओं को स्वालंबी बनाने के लिए जागरूकता अभियान चला रखा है, जिससे महिलाओं के साथ साथ देश व समाज भी उन्नति कर सके।


उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरठ चैप्टर की संयोजिका रंजना गुप्ता ने की, उन्होंने लोगों से परिस्थतियों से हार न मानते हुए अन्याय के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ने की शपथ दिलाई| कार्यक्रम में वरिष्ठ छायाकार वी.एम. नौटियाल ने अपने विचार रखे। कानपुर से आये जयप्रकाश गुप्ता, अनुपम दूबे, धीरज राजपाल, लखनऊ से शैलेन्द्र श्रीवास, मनोज कुमार, विपिन त्यागी, रजत, मृदुल; दिल्ली से प्रियश भार्गव, सौरभ सिंह, विकास, मानिक शर्मा ,कमाल अहमद, ज़राफत खान आदि सम्मिलित हुए व अपने विचार रखे।


bottom of page