ब्यूरो
गांवो को गोद लेंगे सपा नेता
2022 को लेकर सपा की नई रणनीति

लखनऊ, सोशल टाइम्स। 2022 चुनावों को देखते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता गांवों को गोद लेंगे। सभी नेता माह में एक दिन संबंधित गांव में चौपाल लगाएंगे। मोहल्लो में जाकर लोगों से मिलकर समाजवादी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के बारे में बताया जाएगा। अब सपा गांव-गांव तक पहुँचने की रणनीति पर कार्य करेगी। जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत पार्टी के जिला कार्यकारिणी अथवा चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी करने वाले वरिष्ठ नेता अपने विधानसभा क्षेत्र के गांवों को गोद लेंगे। एक नेता को अधिकतम पांच गांव की जिम्मेदारी दी जाएगी। ताकि वे संबंधित गांवों में लोगों के बीच पहुंच सकें। नेताओं को विधानसभा क्षेत्रवार गांवों का निर्धारण जिला अध्यक्ष और विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष आपसी मशविरा से करेंगे। माना जा रहा है गांवों में नेताओं की मौजूदगी होने से हर व्यक्ति तक पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश पहुंचाया जा सकेगा। इसके अलावा गांव में होने वाली चौपाल में किसानों की समस्या पर विशेष रूप से फोकस किया जाएगा। संबंधित गांव में लघु व सीमांत किसानों की संख्या, स्थानीय स्तर पर उनकी समस्या और किसानों की मांगों का पत्र भी तैयार किया जाएगा। फिर जिला स्तर पर इसका आकलन करके प्रदेश कार्यालय भेजा जाएगा।