ब्यूरो
सपा अध्यक्ष ने मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि
भाजपा के कारण लोकतंत्र कमजोर हुआ: अखिलेश यादव

लखनऊ, सोशल टाइम्स। बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी नेता मोहन सिंह की 8वीं पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर माल्र्याण कर श्रद्धांजलि दी। अखिलेश यादव ने कहा कि मोहन सिंह छात्र जीवन से ही समाजवादी आंदोलन और समाजवादी विचारधारा से जुड़ गए थे। उन्होंने आपातकाल सहित अनेक बार जन समस्याओं के लिए संघर्ष कतरे हुए जेल यातना भी भोगी है। वे तीन बार देवरिया से लोकसभा में निर्वाचित हुए। उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का सम्मान भी मिला था। 1977 में जनता पार्टी से वे पहली बार बरहज से चुनाव लड़े और 1978 में जनता पार्टी की सरकार में वे लघुउद्योग राज्यमंत्री बने। वे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता भी रहे।
इसके अलावा सरकार घेरतें हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के कारण लोकतंत्र कमजोर हुआ है। सांविधानिक संस्थाओं पर हमला हो रहा है। भाजपा लोकतांत्रिक प्रणाली के विरूद्ध साजिश रच रही है। भाजपा का हमला 2022 के चुनाव में बूथ पर होगा इससे सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब प्रोग्रेसिव सरकार चाह रही है। सेकुलर और समाजवादी राजनीति ही समाज को बचायेगा। कई समाज के हिस्से जिन्हें सम्मान नहीं मिल पाया उनका भरोसा सरकार ने तोड़ा है। जनता के लिए जो कार्य होना चाहिए था नहीं हुआ। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के विकास को पीछे कर दिया है। 2022 में जनता समाजवादी सरकार बनाने के लिये तैयार है। जिसका लक्ष्य सामाजिक न्याय है।
यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों के पक्ष में खड़ी रही है। लैपटॉप, कन्या विद्या धन, समाजवादी पेंशन जैसी अनेक कल्याणकारी नीतियां बिना किसी भेदभाव के लागू हुई। बिजली के ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन के क्षेत्र में समाजवादी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया। जिसके कारण बिजली की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी। जनता समाजवादी सरकार के कार्यों को आज भी याद कर रही है। अधिकार और सम्मान की लड़ाई का समाधान समाजवादियों की प्राथमिकता में है। उत्तर प्रदेश को खुशहाल और समृद्ध बनाना ही समाजवादी पार्टी का लक्ष्य है।