top of page
  • Writer's pictureब्यूरो

आदित्यनाथ सरकार में पुलिस घर में घुसकर किसी की भी हत्या कर दे रही है: संजय


लखनऊ। सिद्धार्थनगर के सदर थाना क्षेत्र के कोडरा ग्रांट गांव के टोला इस्लामनगर में शनिवार देर रात संदिग्धों को पकड़ने के दौरान गोली लगने से महिला की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने अपने ट्विट में लिखा है कि बेटी की शादी से पहले माँ की हत्या। एक और चंदौली कांड। आदित्यनाथ जी आपके शासन में पुलिस घर में घुसकर किसी की भी हत्या कर देती है। क्या ये तालिबानी राज है? दबिश में जाने से पहले थाने में पुलिस वालों के नाम लिखे जाते हैं। फिर मुक़दमा अज्ञात पुलिस वालों पर क्यों? संजय सिंह ने कहा कि यूपी में आदित्यनाथ की पुलिस द्वारा चंदौली में एक बेटी की हत्या और ललितपुर में बेटी के साथ थाने में दुष्कर्म जैसी घटनाएं झकझोर देने वाली हैं। दोषियों को सजा नहीं मिल रही है। भाजपा के राज में दलितों का अपमान रोज की घटना बन गई है। मेरठ में दलित को घोड़े पर बैठने की इजाजत नहीं बारात में शामिल महिलाओं को भी पीटा जाता है। हैवानियत की पराकाष्ठा तो तब हो जाती है जब मिर्जापुर के अस्पताल में गर्भवती महिला से रेप की घटना सामने आती है। यूपी में ये सब क्या हो रहा है। 04 किसान और एक पत्रकार की हत्या का आरोपी मूंछों पर ताव देकर कोर्ट में पेश होता है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी, दुनिया की सबसे बड़ी गुंडे और लफंगों की पार्टी बनती जा रही है, यह बड़े ही शर्म की बात है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा है कि आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश की कानून व्यवस्था नहीं संभाल पा रही है। प्रदेश में बढ़ते अपराध और हत्याएं बता रहे हैं कि राज्य सरकार के नियंत्रण में कानून व्यवस्था नहीं रही। आए दिन समाचार पत्र यूपी में अपराधों और हत्याओं से भरे रहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता बेहतर कानून व्यवस्था चाहती है। शांति और सुखमय जीवन व्यतीत करना चाहती है, जनता बेहतर विकल्प की तलाश में है। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चेती तो आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी इसके लिए फिर चाहे आंदोलन करना पड़े या फिर भूख हड़ताल जनता के साथ खड़े रहने के लिए लिए आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता तैयार है ।

bottom of page