ब्यूरो
सपा कार्यालय पर विश्वकर्मा जयंती समारोह का हुआ आयोजन
भाजपा राज में विश्वकर्मा समाज के लोग अपमानित हुए: अखिलेश

लखनऊ, सोशल टाइम्स। शुक्रवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के तत्वावधान में आयोजित विश्वकर्मा जयंती समारोह में आए विशाल जनसमुदाय को सम्बोधित किया। भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण और आरती के पश्चात उन्होंने आयोजन में बड़ी संख्या में आए विश्वकर्मा समाज का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी विश्वकर्मा समाज के सुझावों को घोषणा पत्र में स्थान देगी। समाजवादी सरकार में 17 सितम्बर विश्वकर्मा जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित होगा, गोमती नदी के किनारे भव्य विश्वकर्मा मंदिर की स्थापना होगी और विश्वकर्मा समाज को सम्मान मिलेगा।
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के राज में विश्वकर्मा समाज समेत समाज के सभी वर्गों के लोग अपमानित हुए हैं। कोई बचा नहीं है। उत्तर प्रदेश में होने वाला चुनाव देश का सबसे बड़ा चुनाव है। लोकतंत्र के परीक्षा की भी यह सबसे बड़ी घड़ी है। भाजपा षडयंत्रकारी, झूठ और भ्रम फैलाने वाली पार्टी हैं इससे सावधान रहना है। वैसे जनता ने भाजपा के विरोध में मन बना लिया है। यह भाजपा सरकार जाने वाली है। उसका सफाया होना तय है। यादव ने कहा कि कभी इतना झूठ नहीं बोला गया, जितना भाजपा राज में बोला गया। भाजपा झूठ का प्रशिक्षण केन्द्र चला रही है। यह जनता को गुमराह करने का काम करती है। लगातार जनता को धोखा दिया जा रहा है। भाजपा राज में कोई काम नहीं हो रहा है। उत्तर प्रदेश में बड़े उद्योगपति बुलाए गए, 4 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए पर जमीन पर कोई उद्योग नहीं आया। कोरोना काल में सब कारोबार बंद हो गए, अर्थव्यवस्था चौपट हुई। दवा-इलाज और ऑक्सीजन के अभाव में हजारों जानें चली गईं। तब भी काम आई सपा सरकार की चलाई 108 एम्बुलेंस सेवा और सपा सरकार में बने अस्पताल क्योंकि एक भी अस्पताल भाजपा सरकार में नहीं बना।
वहीं जयंती समारोह के संयोजक राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने ही विश्वकर्मा समाज की पहचान बनाई है। समाज के पीड़ितों को यहीं से मदद मिली। समाज को सम्मान मिला है। गुजरात से आए श्री कालूराम लोहार ने कहा कि अखिलेश जी भावी प्रधानमंत्री और भारत के भविष्य हैं। इस अवसर पर विश्वकर्मा समाज की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को गदा, तलवार, हथौड़ी स्मृतिचिह्न, पगड़ी, शाल, मुकुट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम आसरे विश्वकर्मा तथा संचालन राजेश विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर राजेन्द्र चौधरी, ओम प्रकाश सिंह, लीलावती कुशवाहा सहित इ0 विजेश शर्मा, शिव शंकर वर्मा, अच्छे लाल विश्वकर्मा, विश्वनाथ विश्वकर्मा, आशुतोष विश्वकर्मा, रामऔतार विश्वकर्मा, सूरजबली विश्वकर्मा, शंकर शर्मा ‘बंटी‘, श्रीमती रजनी विश्वकर्मा, शशिकान्त शर्मा, जगदीप सोनकर, शीला विश्वकर्मा आदि लोग उपस्थिति रहें।